भारत सरकार ने ईरान में मौजूद अपने नागरिकों के लिए नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है, जिसमें उन्हें तत्काल देश छोड़ने की सलाह दी गई है। हालांकि हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर हुआ है, फिर भी सरकार ने स्थिति को गंभीर मानते हुए सभी भारतीयों को सतर्क रहने और सुरक्षित बाहर निकलने के निर्देश दिए हैं।
एडवाइजरी में कहा गया है कि भारतीय नागरिक जितनी जल्दी हो सके ईरान से बाहर निकलें। इसके साथ ही सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा को बिना अनुमति पार करने से बचें और केवल सुरक्षित और सुझाए गए मार्गों का ही इस्तेमाल करें। यात्रियों को स्थानीय परिस्थितियों पर नजर बनाए रखने और किसी भी अनहोनी से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है।
सरकार ने ईरान में फंसे नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। आपात स्थिति में भारतीय नागरिक निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं: +989128109115, +989128109109, +989128109102 और +989932179359। इसके अलावा, cons.tehran@mea.gov.in पर ईमेल के जरिए भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
भारतीय दूतावास ने कहा कि वह अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तत्पर है और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। यात्रा से जुड़े किसी भी सवाल या इमरजेंसी में दूतावास से तुरंत संपर्क करने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि हालात अभी अस्थिर बने हुए हैं और कोई भी जोखिम उठाने से बचना चाहिए। ईरान में रह रहे भारतीयों को सुरक्षित स्थान पर रहने, सरकार के निर्देशों का पालन करने और हर जरूरी अपडेट के लिए आधिकारिक चैनलों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।









