महाराष्ट्र के नागपुर में मंगलवार सुबह एक बड़ी सुरक्षा घटना सामने आई जब शहर के सीए रोड स्थित दोसर भवन चौक इलाके में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुए। जानकारी के अनुसार, इलाके में एक घर के छोटे गार्डन में रखा बैग पुलिस की नजर में आया, जिसमें 15 जिलेटिन स्टिक, 50 डेटोनेटर और 8 कनेक्टर पाए गए। घर के मालिक ने सुबह इस बैग को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस, बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक टीम ने पूरी जगह को सील कर सुरक्षित तरीके से विस्फोटकों को जब्त किया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह विस्फोटक लगभग एक से डेढ़ महीने से वहां रखे होने की संभावना है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि विस्फोटकों का संबंध हाल ही में काटोल क्षेत्र में हुई विस्फोटक कंपनी हादसे से तो नहीं है। फिलहाल यह पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से मामले की जांच कर रही हैं। यह क्षेत्र संवेदनशील माना जाता है, क्योंकि इसके आसपास जामा मस्जिद, पोद्दारेश्वर राम मंदिर और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का मुख्यालय स्थित है। इस वजह से नागपुर पुलिस ने पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी किया और सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ा दी।
सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि विस्फोटक किसने रखे, इसका उद्देश्य क्या था और इसे कहां इस्तेमाल किया जाना था। इलाके में अब भी भारी संख्या में पुलिसबल तैनात है और संदिग्धों की खोज जारी है। इस घटना ने शहर में सुरक्षा की संवेदनशीलता को उजागर कर दिया है, और अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। नागपुर की सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं और जल्द से जल्द सभी पहलुओं की जांच पूरी करने का प्रयास कर रही हैं।









