National Politics

शरद पवार और रामदास अठावले समेत 19 नए राज्यसभा सदस्यों ने ली शपथ

राज्यसभा में सोमवार को 19 नए सदस्यों ने शपथ ली, जिनमें एनसीपी-एससीपी नेता शरद पवार और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले प्रमुख रूप से शामिल थे। शपथ ग्रहण समारोह राज्यसभा अध्यक्ष सी.पी. राधाकृष्णन और उपसभापति हरिवंश की उपस्थिति में संपन्न हुआ। समारोह में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और संबंधित दलों के सदन नेता भी मौजूद थे। नवनिर्वाचित सदस्यों में महाराष्ट्र से पांच, तमिलनाडु से छह, पश्चिम बंगाल से पांच और ओडिशा से तीन सदस्य शामिल हैं।

महाराष्ट्र से सबसे पहले भाजपा की माया चिंतामन इवानते ने शपथ ली, इसके बाद व्हीलचेयर पर उपस्थित शरद पवार ने शपथ ग्रहण की। इस राज्य से रामराव सखाराम वाडकुटे (भाजपा), ज्योति नागनाथ वाघमारे (एसएस), रामदास अठावले (आरपीआई-ए) ने भी राज्यसभा में शपथ ली। ओडिशा से मनमोहन सामल (भाजपा), संरप्त मिश्रा (बीजेडी) और दिलीप कुमार राय (निर्दलीय) ने सदस्य के रूप में शपथ ली। तमिलनाडु से शपथ लेने वालों में कॉन्स्टेंटाइन रविंद्रन (डीएमके), क्रिस्टोफर मणिकम (कांग्रेस), एल.के. सुधीश (डीएमडीके), एम. थंबीदुरई (एआईएडीएमके), तिरुचि शिवा (डीएमके) और अंबुमणि रामदास (पीएमके) शामिल हैं।

पश्चिम बंगाल से शपथ लेने वाले सदस्यों में बाबुल सुप्रिया बराल (एआईटीसी), बिस्वजीत सिन्हा (भाजपा), मेनका गुरुस्वामी (एआईटीसी), राजीव कुमार (एआईटीसी) और रुक्मिणी मल्लिक (एआईटीसी) शामिल हैं। अधिकांश सदस्यों ने अपनी क्षेत्रीय भाषाओं में शपथ ली। समारोह के अंत में, अध्यक्ष राधाकृष्णन ने नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई दी और उन्हें भारतीय लोकतंत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए शुभकामनाएं दी।