एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर और अदिवि शेष की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘डकैत’ का ट्रेलर जारी हो गया है। फैंस इस फिल्म के लिए काफी समय से बेसब्री से इंतजार कर रहे थे और अब ट्रेलर ने उनकी उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। ट्रेलर की शुरुआत हरि और जूलिएट के किरदारों से होती है, जो अपने परिवार और बच्चे की योजनाओं के बारे में बात कर रहे हैं। लेकिन अचानक परिस्थितियां बदल जाती हैं—हरि पुलिस हिरासत में आता है और जूलिएट को पैसों की सख्त जरूरत पड़ती है। इसके बाद दोनों मिलकर डकैत बन जाते हैं और कई जोखिम भरे मिशन में उतरते हैं। ट्रेलर में यह सस्पेंस भी दिखाया गया है कि आखिर दोनों अलग क्यों होते हैं और उनके पीछे क्या कारण है, जो फिल्म के रिलीज के बाद ही सामने आएगा।
फिल्म को हिंदी और तेलुगु दोनों भाषाओं में रिलीज किया गया है। कहानी अदिवि शेष और शेनिल देव ने मिलकर लिखी है, वहीं निर्देशन भी उन्होंने ही किया है। अदिवि शेष फिल्म में एक्टिंग के साथ-साथ लेखक और निर्देशक के रूप में भी नजर आएंगे। फिल्म में मृणाल ठाकुर, प्रकाश राज, अनुराग कश्यप, अतुल कुलकर्णी और साउथ एक्टर सुनील जैसे कलाकार भी अहम भूमिका में हैं। ‘डकैत’ 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अदिवि शेष ने 2010 से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी और ‘कर्मा’, ‘पंजा’, ‘बाहुबली: द बिगिनिंग’, ‘क्षनम’, ‘गुडचारी’, ‘मेजर’, और ‘हिट: द सेकेंड केस’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। वहीं मृणाल ठाकुर ने टीवी से अपने करियर की शुरुआत की और ‘लव सोनिया’, ‘सुपर 30’, ‘सीता रामम’ जैसी फिल्मों में अपनी एक्टिंग का जलवा दिखाया है।









