Technology

SIM बाइंडिंग नियम टला: व्हाट्सएप-टेलीग्राम बिना सिम भी चलते रहेंगे, नई डेडलाइन 31 दिसंबर

केंद्र सरकार ने मैसेजिंग ऐप्स के लिए प्रस्तावित SIM बाइंडिंग नियम को फिलहाल टाल दिया है। अब व्हाट्सएप और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म बिना एक्टिव सिम के भी पहले की तरह काम करते रहेंगे और वेब वर्जन से अपने आप लॉगआउट नहीं होंगे। दूरसंचार विभाग ने तकनीकी कारणों के चलते कंपनियों को अनुपालन के लिए 31 दिसंबर 2026 तक का समय दिया है।

यह नियम पहले 30 मार्च से लागू होना था, जिसके तहत यूजर्स को मैसेजिंग सेवाओं का उपयोग करने के लिए डिवाइस में सक्रिय सिम रखना अनिवार्य होता। साथ ही वेब वर्जन का उपयोग करने पर कुछ घंटों में स्वतः लॉगआउट की व्यवस्था भी प्रस्तावित थी। इस गाइडलाइन पर Apple सहित कई कंपनियों ने तकनीकी दिक्कतों का हवाला देते हुए आपत्ति जताई थी। सरकार ने पिछले साल नवंबर में यह नियम जारी किया था, जिसका उद्देश्य साइबर अपराधों पर लगाम लगाना था।

डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकॉम के अनुसार, कई मामलों में देखा गया कि सिम हटने के बाद भी मैसेजिंग अकाउंट सक्रिय रहते हैं, जिसका फायदा साइबर अपराधी उठा सकते हैं। SIM बाइंडिंग का मकसद इसी सुरक्षा खामी को दूर करना था। हालांकि अब इसके लागू होने में देरी कर दी गई है, जिससे कंपनियों को तकनीकी तैयारियों के लिए अधिक समय मिल सके।