दिल्ली-एनसीआर के गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरपोर्ट से यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपना पूरा परिचालन बंद कर दिया है, जबकि इंडिगो ने उड़ानों की संख्या में भारी कटौती की है। इसके चलते मुंबई, अहमदाबाद और पटना जैसी प्रमुख शहरों की सीधी कनेक्टिविटी खत्म हो गई है। हिंडन एयरपोर्ट भारतीय वायुसेना के एयरबेस के भीतर संचालित होता है, इसलिए सुरक्षा कारणों से रात में उड़ानें नहीं हो सकतीं।
सीमित समय और संसाधनों के चलते एयरलाइंस केवल ऐसे रूट्स को प्राथमिकता दे रही हैं जहां यात्रियों की संख्या अधिक और मुनाफा सुनिश्चित हो। अधिकारियों का कहना है कि वे एयरलाइंस के साथ लगातार संपर्क में हैं ताकि भविष्य में सुविधाओं और उड़ानों को बढ़ाया जा सके। फिलहाल, इस फैसले का सबसे बड़ा असर गाजियाबाद और नोएडा के यात्रियों पर पड़ा है, जिन्हें अब मुंबई या पटना के लिए दिल्ली के IGI एयरपोर्ट जाना होगा, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ेंगे।









