Haryana

हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने गुरुग्राम में यमुना कायाकल्प और Drainage सुधार के लिए समय सीमा तय की

हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव योगेश कुमार ने गुरुग्राम में यमुना नदी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने तथा नालों और ड्रेनेज सुधार कार्यों को तेज़ करने के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए हैं। विकास सदन में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत रिपोर्ट ली और सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में STP की संयुक्त सैंपलिंग को दोबारा करने और रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर जमा करने का निर्देश दिया गया। Leg-III से Leg-II तक अनुपचारित पानी का डायवर्जन सुनिश्चित करने, सिंचाई के लिए उपचारित पानी का उपयोग बढ़ाने और तूफानी नालों व सीवरेज लाइनों की सफाई के लिए SOP तैयार करने पर जोर दिया गया।

योगेश कुमार ने Leg-II में सभी प्रदूषण बिंदुओं की पहचान और मैपिंग तीन महीनों के भीतर पूरी करने, ठोस कचरे के वैज्ञानिक निपटान का रिकॉर्ड रखने और अवैध कनेक्शनों को हटाने की भी सख्त हिदायत दी। उन्होंने नगर निगम और GMDA अधिकारियों से नए पंजीकृत टैंकरों की रिपोर्ट जमा करने और अवैध टैंकर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष टीम बनाने को कहा।अधिकारियों ने बैठक में बताया कि नालों को टैप करना, STP और CETP की स्थापना, प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन और निगरानी प्रणाली के जरिए यमुना जल की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में सकारात्मक प्रगति हो रही है। योगेश कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे किए जाएं, ताकि यमुना प्रदूषण नियंत्रण के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सके।