कश्मीर की डल झील के ‘मीर बहरी’ इलाके में हाल ही में एक ऐसा वाकया हुआ जिसने सभी का दिल जीत लिया। युद्ध प्रभावित ईरान के लिए आयोजित एक दान अभियान के दौरान एक 5 साल के बच्चे द्वारा दिये गए 50 पैसे के सिक्के ने चमत्कार कर दिया। इस बच्चे ने अपनी ‘गुल्लक’ खोलकर दान में पैसे दिए, जिनमें 50 पैसे का एक पुराना सिक्का भी शामिल था। यह सिक्का आजकल लगभग चलन में नहीं है। स्थानीय लोगों ने बच्चे की भावनात्मक कोशिश को देखते हुए इसे नीलाम करने का निर्णय लिया।
नीलामी में सिक्के की बोली तेजी से बढ़ी और अंततः यह 17,000 रुपये में बिक गया। प्राप्त राशि पूरी तरह से ईरान में युद्ध पीड़ितों के राहत कार्यों के लिए भेजी जाएगी। स्थानीय निवासी जावेद अहमद सूफी ने कहा, “दान का महत्व उसकी कीमत से नहीं, बल्कि देने वाले की भावना से तय होता है। एक बच्चा अपनी सबसे कीमती चीज़ दूसरों की मदद के लिए दे रहा है, यह सच्ची दयालुता है।” डल झील के किनारे घटित इस घटना की चर्चा पूरे श्रीनगर में हो रही है। लोग इस छोटे फरिश्ते की तारीफ कर रहे हैं, जिसकी छोटी बचत ने दूसरों की मदद के लिए बड़ी राशि जुटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।









