मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच भारत में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैली अफवाहों ने कुछ राज्यों में हड़कंप मचा दिया। मध्य प्रदेश और गुजरात में लोग पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों में खड़े दिखाई दिए, जबकि सोशल मीडिया पर तेल की कमी की गलत खबरें तेजी से वायरल हो रही थीं।
देश की प्रमुख तेल कंपनियों ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य रूप से चल रही है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने जनता से अपील की है कि पैनिक बाइंग से बचें और केवल विश्वसनीय जानकारी पर भरोसा करें। कंपनी ने कहा कि अफवाहों के कारण सप्लाई में रुकावट आने और अनावश्यक चिंता फैलने का खतरा है। IOCL के सभी आउटलेट्स पर पेट्रोल और डीजल उपलब्ध हैं और वे सामान्य संचालन में हैं।
भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने भी स्पष्ट किया कि देशभर में ईंधन की कोई कमी नहीं है। कंपनी ने नागरिकों से अनुरोध किया कि वे अनावश्यक रूप से ईंधन जमा न करें, क्योंकि सप्लाई चैन पूरी क्षमता के साथ काम कर रही है। गुजरात और मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों में पंपों पर भीड़ देखी गई, लेकिन प्रशासन और तेल कंपनियों का कहना है कि तेल डिपो पूरी तरह संचालित हैं और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। सरकार और तेल कंपनियों का संदेश स्पष्ट है: देश में ईंधन पर्याप्त मात्रा में है, अफवाहों में विश्वास न करें और केवल सही जानकारी पर भरोसा करें।









