National Technology

सोशल मीडिया पर KYC अनिवार्य करने की तैयारी में सरकार, जल्द लाएगी सख्त नियम

सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर फर्जी अकाउंट्स और साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए सरकार बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। Facebook, Instagram, Snapchat और X जैसे ऐप्स के साथ-साथ गेमिंग और डेटिंग प्लेटफॉर्म्स पर KYC अनिवार्य करने का प्रस्ताव सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, एक संसदीय समिति ने सुझाव दिया है कि जिस तरह बैंक खाता खोलने या सिम कार्ड लेने के लिए KYC जरूरी होता है, उसी तरह इन प्लेटफॉर्म्स पर अकाउंट बनाने के लिए भी पहचान सत्यापन लागू किया जाए। इससे फर्जी अकाउंट्स पर रोक लगेगी और उनके जरिए होने वाले धोखाधड़ी, उत्पीड़न और पहचान चोरी जैसे मामलों पर काबू पाया जा सकेगा।

समिति का मानना है कि बच्चों और महिलाओं की ऑनलाइन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम जरूरी हो गया है। कई राज्यों में सोशल मीडिया के उपयोग के लिए उम्र सीमा तय करने की भी पहल की गई है, ताकि कम उम्र के बच्चों को इसके दुष्प्रभाव से बचाया जा सके। विशेषज्ञों के अनुसार, KYC लागू होने से साइबर क्राइम में इस्तेमाल हो रहे अकाउंट्स की पहचान करना आसान होगा। इससे साइबर स्टॉकिंग, ऑनलाइन उत्पीड़न और निजी तस्वीरों के दुरुपयोग जैसे मामलों में दोषियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।