Punjab

जालंधर में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, बैसाखी पर बड़े हमले की आशंका से पुलिस और एजेंसियां सतर्क

पंजाब के जालंधर में एक बार फिर धमकी भरे ईमेल के जरिए दहशत फैलाने की कोशिश की गई है। शहर के चार प्रमुख स्कूलों को बम धमाके की चेतावनी भेजी गई, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। यह ईमेल रामा मंडी इलाके के एपीजे स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीटी वर्ल्ड पब्लिक स्कूल और कैंब्रिज को-एड स्कूल को भेजा गया बताया जा रहा है।

धमकी भरे संदेश में दावा किया गया है कि बैसाखी के दिन बड़े हमले की योजना बनाई गई है। इसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं को निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल में यह भी कहा गया कि 14 अप्रैल को राज्य के विभिन्न स्थानों पर विस्फोट किए जाएंगे, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में तुरंत सतर्कता बढ़ा दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और खुफिया विभाग ने स्कूलों के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी। स्कूल प्रशासन को भी एहतियाती कदम उठाने और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।

जांच एजेंसियां अब इस ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। पुलिस की साइबर सेल तकनीकी जांच के जरिए यह जानने की कोशिश कर रही है कि यह संदेश कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हो सकते हैं। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं यह किसी शरारती तत्व की हरकत तो नहीं या फिर किसी संगठित साजिश का हिस्सा है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। अधिकारियों ने कहा कि ऐसी धमकियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों और छात्रों से घबराने की जरूरत नहीं होने की अपील की है।