Jammu & Kashmir

जम्मू-कश्मीर में LoC पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम, उड़ी सेक्टर में मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर के उड़ी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को भारतीय सुरक्षाबलों ने विफल कर दिया। खराब मौसम और घने जंगलों का फायदा उठाकर आतंकियों का एक समूह भारतीय सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सतर्क जवानों ने समय रहते कार्रवाई कर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। मुठभेड़ के दौरान एक पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया, जबकि इलाके में तलाशी अभियान अभी भी जारी है।

सुरक्षा एजेंसियों को पहले से ही खुफिया इनपुट मिला था कि उड़ी सेक्टर के बुच्छार क्षेत्र के पास से कुछ आतंकवादी सीमा पार करने की योजना बना रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 14 और 15 मार्च की रात संयुक्त रूप से घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। तड़के के समय जंगलों में संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया और संदिग्ध को रुकने की चेतावनी दी।

खुद को घिरा देख आतंकवादी ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने सटीक निशाना साधते हुए उसे मार गिराया। मारे गए आतंकवादी के पास से पिस्तौल, गोला-बारूद और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की गई है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि इलाके में और भी आतंकी छिपे हो सकते हैं, इसलिए पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

इस बीच जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में भी सुरक्षा बल सतर्क हैं। अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास कुछ गांवों के ऊपर संदिग्ध ड्रोन गतिविधि देखे जाने के बाद सुरक्षाबलों ने व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। आशंका जताई जा रही है कि ड्रोन के जरिए हथियार या नशीले पदार्थ गिराने की कोशिश की गई हो सकती है। फिलहाल पूरे इलाके की कड़ी निगरानी की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है।