पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब हवाई सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। संयुक्त अरब अमीरात, खासकर दुबई जाने वाली कई उड़ानों में रुकावट आई है। इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस समेत कई एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि बदलते हालात के कारण फ्लाइट शेड्यूल में बदलाव किया गया है और कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि मिडिल ईस्ट में सुरक्षा हालात को देखते हुए दुबई में फ्लाइट ऑपरेशन्स पर अतिरिक्त पाबंदियां लगाई गई हैं। एयरलाइन ने यात्रियों से एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांचने की अपील की है। वहीं एयर इंडिया ने बताया कि यूएई एयरपोर्ट अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते हुए 15 मार्च को दिल्ली-दुबई मार्ग की पांच निर्धारित उड़ानों में से चार को रद्द कर दिया गया है। एयर इंडिया अब इस रूट पर केवल एक वापसी उड़ान संचालित करेगी।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी दिल्ली-दुबई मार्ग की छह निर्धारित उड़ानों में से पांच को रद्द कर दिया है और केवल एक वापसी उड़ान संचालित की जाएगी। इसके अलावा अबू धाबी के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की आज की सभी पांच उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। हालांकि एयरलाइन ने बताया कि शारजाह से दिल्ली, कन्नूर, कोच्चि, कोझिकोड, मुंबई और तिरुवनंतपुरम के लिए उड़ान सेवाएं जारी रखने की योजना है। एयरलाइंस का कहना है कि यात्रियों को लगातार अपडेट दिए जा रहे हैं और स्थिति सामान्य होने तक फ्लाइट ऑपरेशन्स में बदलाव जारी रह सकते हैं।









