Entertainment

14 साल बाद अक्षय-प्रियदर्शन की जोड़ी की वापसी, ‘भूत बंगला’ का टीजर हुआ रिलीज

बॉलीवुड में कॉमेडी और एंटरटेनमेंट की बात होती है तो अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की हिट जोड़ी का नाम सबसे पहले आता है। Akshay Kumar और Priyadarshan की जोड़ी एक बार फिर 14 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही है। उनकी नई फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर जबरदस्त चर्चा है। इसी बीच फिल्म के पहले गाने “राम जी आके भला करेंगे” का टीजर रिलीज किया गया, जिसने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

टीजर की शुरुआत अक्षय कुमार के अनोखे अंदाज से होती है, जहां वह सफेद धोती में शर्टलेस लुक में कई मालाएं पहने नजर आते हैं। टीजर में हॉरर और कॉमेडी का मिश्रण देखने को मिलता है, जो फिल्म की कहानी और टोन का संकेत देता है। फिल्म के म्यूजिक को मशहूर संगीतकार Pritam Chakraborty ने कंपोज किया है, जबकि गीतकार Amitabh Bhattacharya ने इसके बोल लिखे हैं। अपनी आवाज से गाने को सजाने का काम Arijit Singh ने किया है, जबकि रैप पार्ट मेलो डी ने लिखा और परफॉर्म किया है। मेकर्स ने घोषणा की है कि पूरा गाना जल्द ही रिलीज किया जाएगा।

फिल्म की रिलीज डेट में भी बदलाव किया गया है। पहले यह फिल्म 15 मई को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब यह 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा करते हुए कहा कि फिल्म के साथ फन की शुरुआत होने वाली है। ‘भूत बंगला’ का निर्माण बालाजी मोशन पिक्चर्स, बालाजी टेलीफिल्म्स और केप ऑफ गुड फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ तब्बू, परेश रावल, राजपाल यादव, जिशु सेनगुप्ता, असरानी और वामिका गब्बी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि यह दिवंगत अभिनेता असरानी की आखिरी फिल्म होगी, जिनका पिछले साल अक्टूबर में निधन हो गया था।