Entertainment

नील नितिन मुकेश का बड़ा आरोप: भुगतान विवाद के चलते रियलिटी शो से किनारा

बॉलीवुड और साउथ इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाने वाले अभिनेतानील नितिन मुकेश एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वह किसी फिल्म को लेकर नहीं, बल्कि एक रियलिटी शो से अलग होने के अपने फैसले को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेता ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सिंगिंग रियलिटी शो ‘द यूनिवर्सल आइडल’ से ब्रांड एंबेसडरशिप छोड़ने की घोषणा की और शो के आयोजकों पर भुगतान न करने का आरोप लगाया है।

अभिनेता ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा बयान में बताया कि उन्होंने HMC Events के शो ‘द यूनिवर्सल आइडल’ से तत्काल प्रभाव से खुद को अलग कर लिया है। उन्होंने दावा किया कि कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद उन्हें तय फीस का भुगतान नहीं किया गया। नील नितिन मुकेश ने आरोप लगाया कि उन्हें दिए गए तीन चेक भी बाउंस हो गए, जो भरोसे और जिम्मेदारी की गंभीर कमी को दर्शाता है।

अपने पोस्ट में अभिनेता ने यह भी कहा कि उनकी टीम ने इस मुद्दे को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की कई कोशिशें कीं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने अन्य कलाकारों, वेंडर्स और पार्टनर्स को भी इस तरह के मामलों में सावधानी बरतने की सलाह दी है और कहा कि वह कानूनी विकल्पों का उपयोग करने का अधिकार सुरक्षित रखते हैं। फिलहाल यह मामला मनोरंजन इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बना हुआ है।