हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को अब एयरपोर्ट पर महंगे खाने-पीने से राहत मिलने वाली है। केंद्र सरकार देश के सभी एयरपोर्ट पर किफायती दरों में चाय-नाश्ता उपलब्ध कराने के लिए ‘उड़ान यात्रा कैफे’ शुरू कर रही है। नागरिक उड्डयन मंत्री के राम मोहन नायडू के मुताबिक, इस साल के अंत तक हर हवाईअड्डे पर ऐसे कैफे खोलने का लक्ष्य रखा गया है। दरअसल, एयरपोर्ट पर चाय, कॉफी और स्नैक्स की कीमतें काफी अधिक होने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। कई जगह चाय 200 से 300 रुपये तक बिक रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए मंत्रालय ने सस्ती और गुणवत्तापूर्ण खान-पान सुविधा देने का फैसला किया।
‘उड़ान यात्रा कैफे’ की शुरुआत जनवरी 2024 में कोलकाता एयरपोर्ट से हुई थी। यहां यात्री सिर्फ 10 रुपये में चाय, 20 रुपये में कॉफी, 10 रुपये में पानी की बोतल और 20 रुपये में समोसा या रसगुल्ला खरीद सकते हैं। फिलहाल यह सुविधा कोलकाता, पुणे, अहमदाबाद, विजयवाड़ा, भुवनेश्वर और चेन्नई एयरपोर्ट पर उपलब्ध है। पुणे एयरपोर्ट के कैफे की खासियत यह है कि वहां केवल महिला कर्मचारियों को रोजगार दिया गया है। कैफे में पांच प्रमुख आइटम—चाय, कॉफी, पानी, समोसा और एक स्थानीय व्यंजन—रखे जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को क्षेत्रीय स्वाद भी मिल सके।
मंत्रालय का कहना है कि इन कैफे को यात्रियों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है और खाने की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। योजना के तहत हर एयरपोर्ट पर सिर्फ एक ‘उड़ान यात्रा कैफे’ खोला जाएगा, जिससे यात्रियों को सस्ता और भरोसेमंद विकल्प मिल सके।









