Delhi World

दुनिया के टॉप 10 अस्पतालों में AIIMS दिल्ली, छठी रैंक के साथ भारत का बढ़ा मान

भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र से एक बेहद गर्व की खबर सामने आई है। ब्रैंड फाइनेंस 2026 की ग्लोबल टॉप 250 हॉस्पिटल्स लिस्ट में AIIMS दिल्ली ने दुनिया का छठा सबसे बेहतरीन अस्पताल बनकर भारत का नाम रोशन किया है। यह रैंकिंग अस्पतालों की ब्रांड स्ट्रेंथ, इलाज की गुणवत्ता, रिसर्च और मेडिकल ट्रेनिंग के आधार पर तैयार की जाती है। AIIMS ने अपने बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाओं और मजबूत सिस्टम के दम पर दुनिया के दिग्गज मेडिकल संस्थानों के बीच जगह बनाई है। खास बात यह है कि टॉप रैंक और AIIMS के केयर स्कोर में सिर्फ 1.1 अंकों का मामूली अंतर है, जो इसकी वैश्विक गुणवत्ता को दर्शाता है।

इस सूची में पहला स्थान जॉन्स हॉपकिन्स मेडिसिन को मिला है, जबकि दूसरे नंबर पर ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल्स और तीसरे पर स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर हैं। AIIMS ने मायो क्लिनिक जैसे बड़े नामों के साथ टॉप 10 में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। सिर्फ AIIMS ही नहीं, भारत का टाटा मेमोरियल सेंटर, मुंबई भी इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल है और 13वें स्थान पर काबिज है। यह भारत की स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती साख का प्रमाण है। दरअसल, Brand Finance की यह वार्षिक रिपोर्ट दुनिया के उन बड़े अस्पतालों पर फोकस करती है जो इलाज के साथ-साथ रिसर्च और मेडिकल एजुकेशन में भी अग्रणी हैं। ऐसे में AIIMS की यह उपलब्धि बताती है कि भारत अब हेल्थकेयर के क्षेत्र में भी वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है।