महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें तीन माओवादी मारे गए। इस कार्रवाई के दौरान महाराष्ट्र पुलिस की C-60 कमांडो यूनिट का एक जवान शहीद हो गया, जबकि एक अन्य कमांडो गोली लगने से घायल हुआ है। घायल जवान को तुरंत इलाज के लिए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को कंपनी नंबर 10 के माओवादी सदस्यों और छत्तीसगढ़ के एक दलम की सीमा क्षेत्र में मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद भामरागढ़ के एसडीपीओ के नेतृत्व में C-60 कमांडो ने नारायणपुर-गढ़चिरोली सीमा के पास फोदेवाडा गांव के आसपास सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
तलाशी के दौरान रात में नक्सलियों ने अचानक फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। देर रात तक चली इस मुठभेड़ में दोनों ओर से गोलीबारी हुई। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बलों का सर्च अभियान जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।









