National Politics

मणिपुर में सरकार गठन की कवायद तेज, सभी एनडीए विधायक दिल्ली तलब

मणिपुर में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने राज्य के सभी एनडीए विधायकों को दिल्ली बुलाया है। जानकारी के अनुसार 2 फरवरी को दोपहर से पहले राजधानी पहुंचने के निर्देश दिए गए थे, जिसके चलते अधिकांश विधायक 1 फरवरी को ही दिल्ली रवाना हो गए। मणिपुर भाजपा के 20 से अधिक विधायक और राज्य इकाई के अध्यक्ष केंद्रीय नेताओं के साथ अहम बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं।

मणिपुर भाजपा अध्यक्ष अधिराजमायुम शारदा देवी ने कहा कि सभी एनडीए विधायकों को बुलाया गया है और उन्हें उम्मीद है कि राज्य में जनता की सरकार बनेगी। पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने भी सकारात्मक संकेत देते हुए कहा कि राष्ट्रपति शासन की अवधि 12 फरवरी को समाप्त हो रही है और बैठक से अच्छे नतीजे निकलने की संभावना है।

लामसांग से विधायक एस. राजेन सिंह ने कहा कि सरकार बनने की उम्मीद है, हालांकि नेतृत्व का फैसला केंद्रीय नेतृत्व राज्य की स्थिति की समीक्षा के बाद करेगा। वहीं कुछ विधायकों ने बैठक के एजेंडे को लेकर अनभिज्ञता जताई है। एनडीए सहयोगी एनपीपी ने भी कहा है कि फिलहाल सिर्फ बैठक के लिए बुलाया गया है। गौरतलब है कि मई 2023 से जारी जातीय हिंसा के बाद फरवरी 2024 में मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू किया गया था। विधानसभा का कार्यकाल 2027 तक है, लेकिन फिलहाल निलंबित है।