Chandigarh

चंडीगढ़ के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, खाली करवाए गए स्कूल

चंडीगढ़ में बुधवार सुबह कई सरकारी और निजी स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिलने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जैसे ही स्कूल प्रबंधन को इन ईमेल की जानकारी मिली, तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचित किया गया। धमकी भरे संदेशों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक फरवरी को होने वाले डेरा बल्लां दौरे का भी उल्लेख किया गया है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस और बम डिटेक्शन टीम संबंधित स्कूलों में पहुंची। एहतियातन छात्रों को छुट्टी देकर स्कूल परिसरों को खाली कराया गया और गहन तलाशी अभियान शुरू किया गया। जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें सेक्टर 16, 19, 22, 47 के सरकारी स्कूल, रयान इंटरनेशनल स्कूल सेक्टर 49, सेंट स्टीफन स्कूल सेक्टर 45, भवन विद्यालय सेक्टर 27, सेंट जेवियर स्कूल सेक्टर 44 सहित कई अन्य स्कूल शामिल हैं। रिहान इंटरनेशनल स्कूल को भी खाली करवाया गया।

प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बिना पुख्ता पुष्टि के छुट्टियां घोषित न करें और किसी भी धमकी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। बताया जा रहा है कि सुबह 5:21 बजे पहला ईमेल मिला था और अब तक करीब 15 स्कूलों से शिकायतें सामने आ चुकी हैं। पुलिस कंट्रोल रूम को लगातार कॉल आ रही हैं। इससे पहले भी शहर के हाईकोर्ट, जिला अदालत और कुछ होटलों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, हालांकि अब तक किसी मामले का खुलासा नहीं हो सका है।