अमेरिका में भीषण बर्फीले तूफान के दौरान मेन के बैंगर एयरपोर्ट पर रविवार शाम एक निजी जेट क्रैश हो गया। विमान में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें तीन क्रू मेंबर और पांच यात्री शामिल थे। हादसे के तुरंत बाद एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंच गई। विमान बॉम्बार्डियर चैलेंजर 650 बिजनेस जेट था। शुरुआती रिपोर्ट्स में बताया गया कि टेकऑफ से कुछ मिनट पहले पायलट और कंट्रोल रूम के बीच कम दृश्यता और बर्फ जमने की समस्या पर चर्चा हुई थी। रनवे से उड़ान की अनुमति मिलने के दो मिनट बाद विमान उल्टा हो गया, जिसके बाद इमरजेंसी लागू कर दी गई।
बर्फीले तूफान का असर अमेरिका के 37 राज्यों में महसूस किया जा रहा है। लगभग 19 करोड़ लोग प्रभावित हैं और 20 से अधिक राज्यों में आपात स्थिति घोषित की गई है। तापमान कई जगहों पर माइनस 20 से माइनस 30 डिग्री तक गिर गया। रॉकी पर्वत से लेकर न्यू इंग्लैंड तक बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है।
तूफान के चलते हजारों उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। केवल सप्ताहांत में 14,000 से ज्यादा उड़ानों को रद्द करना पड़ा। टेक्सास, लुइज़ियाना और बड़े एयरपोर्ट जैसे डलास-फोर्ट वर्थ, शार्लेट और नैशविले सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। बिजली कटौती और यातायात बाधाओं ने आम जनजीवन को भी बुरी तरह प्रभावित किया है।









