Haryana

अंबाला में बनेगा पहला इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप, मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दी अंतिम मंजूरी

हरियाणा में औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। भाजपा सरकार द्वारा घोषित दस इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप में से पहली आईएमटी अंबाला में बनेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस परियोजना को अंतिम मंजूरी दे दी है। आईएमटी के पहले चरण के लिए नग्गल और आसपास के क्षेत्रों में करीब 858 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। परियोजना के लिए जमीन देने वाले किसानों को प्रति एकड़ 1.55 करोड़ रुपये मुआवजा दिया जाएगा। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अपने बजट भाषण में भी इस प्रोजेक्ट की घोषणा की थी और अब इसकी निगरानी वे स्वयं कर रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि नए बजट से पहले सभी कागजी कार्रवाई पूरी कर ली जाए।सरकार का कहना है कि आईएमटी बनने से अंबाला में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे और औद्योगिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी। किसानों के साथ बैठक के बाद भूमि देने पर सहमति बन चुकी है और जल्द ही रजिस्ट्री प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।