Delhi

दक्षिणी दिल्ली में बदलेगी तस्वीर: 300 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का आज होगा शुभारंभ

दक्षिणी दिल्ली के बदरपुर, संगम विहार और देवली विधानसभा क्षेत्रों में आज से बड़े पैमाने पर विकास कार्यों की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रविवार को 300 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगी। इन योजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।

इन इलाकों में सड़कों का निर्माण व मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नालियों का विकास, बारात घरों का निर्माण, डिस्पेंसरी और स्कूलों के पुनर्निर्माण जैसे कई अहम काम शामिल हैं। इसके साथ ही पार्कों के सौंदर्यीकरण और सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

दक्षिणी दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने जानकारी दी कि बदरपुर में लगभग 85 करोड़ रुपये, संगम विहार में करीब 115 करोड़ रुपये और देवली में 104 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र का समग्र विकास होगा।

इन परियोजनाओं के लिए धनराशि मुख्यमंत्री विकास निधि, शहरी विकास विभाग, ग्रामीण विकास बोर्ड, ग्रामोदय योजना, ड्यूसिब और सांसद निधि सहित कई स्रोतों से उपलब्ध कराई गई है। हाल ही में सांसदों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया था कि दिल्ली के विकास कार्यों में वित्तीय संसाधनों की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। सरकार का कहना है कि इन योजनाओं के पूरा होने के बाद दक्षिणी दिल्ली के इन इलाकों में आधारभूत ढांचे में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा और आम जनता को रोजमर्रा की सुविधाओं में राहत मिलेगी।