दिल्ली सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए दिल्ली लक्ष्मी योजना (DLY) का ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को गीता कॉलोनी स्थित जिला मजिस्ट्रेट (पूर्व) कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पोर्टल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कुछ पात्र महिलाओं का स्वयं पंजीकरण भी कराया।
इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार के अनुसार, योजना की पहली किस्त 28 अगस्त, यानी रक्षाबंधन के अवसर पर लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और इच्छुक महिलाएं https://dly.delhi.gov.in पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकती हैं।
योजना का लाभ केवल उन महिलाओं को मिलेगा जिनकी आयु 21 से 60 वर्ष के बीच है, जो कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली की स्थायी निवासी हैं और जिनके परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं है। इसके अलावा, आवेदक के तीन से अधिक बच्चे नहीं होने चाहिए तथा अन्य निर्धारित पात्रता शर्तों का पालन करना होगा।
दिल्ली सरकार ने इस योजना के लिए अपने बजट में 5,100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। सरकार का लक्ष्य 17 लाख से अधिक महिलाओं तक इस योजना का लाभ पहुंचाना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पहल केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास को मजबूत करने का माध्यम भी बनेगी।


