ऑस्ट्रेलिया की तर्ज पर अब भारत के एक राज्य में भी नाबालिगों के लिए सोशल मीडिया पर रोक लग सकती है। आंध्र प्रदेश सरकार 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने पर गंभीरता से विचार कर रही है। इस बात की जानकारी राज्य के आईटी मंत्री नारा लोकेश ने स्विट्जरलैंड के दावोस में विश्व आर्थिक मंच (WEF) के दौरान ब्लूमबर्ग को दिए एक साक्षात्कार में दी।
नारा लोकेश ने कहा कि नाबालिग बच्चे सोशल मीडिया पर मौजूद अनियमित और भ्रामक कंटेंट को समझने में सक्षम नहीं होते, जिससे उनके मानसिक और भावनात्मक विकास पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक निश्चित उम्र से कम बच्चों का इन प्लेटफॉर्म्स पर होना ही नहीं चाहिए और इसके लिए मजबूत कानूनी प्रावधानों की जरूरत है।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले ऑस्ट्रेलिया ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए टिकटॉक, एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और स्नैपचैट जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सख्त बैन लगाया था। वहां न सिर्फ नए अकाउंट बनाने पर रोक है, बल्कि पुराने खातों को भी बंद करने का प्रावधान किया गया है। आंध्र प्रदेश सरकार इसी मॉडल का अध्ययन कर रही है। देशभर में बच्चों के बीच स्मार्टफोन और सोशल मीडिया के बढ़ते चलन को देखते हुए यह प्रस्ताव अहम माना जा रहा है। अगर यह फैसला लागू होता है, तो आंध्र प्रदेश बच्चों की डिजिटल सुरक्षा को लेकर ऐसा कदम उठाने वाला भारत का पहला राज्य बन सकता है।









