अमेरिका के टेक्सास में इमिग्रेशन कार्रवाई के दौरान एक 5 साल के बच्चे को हिरासत में लिए जाने का मामला सामने आने के बाद सियासी हलकों में तीखी बहस छिड़ गई है। स्पाइडर-मैन बैकपैक पहने लियाम नाम का यह बच्चा अपने पिता के साथ घर लौट रहा था, तभी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) के एजेंटों ने कार्रवाई की।
लियाम और उसके पिता इक्वाडोर के नागरिक हैं। परिवार के वकील के मुताबिक, उन्होंने अमेरिका में शरण के लिए आवेदन कर रखा था और कानूनी प्रक्रिया के तहत वहीं रह रहे थे। उनके खिलाफ देश छोड़ने का कोई आदेश नहीं था। इसके बावजूद हालिया सख्त इमिग्रेशन अभियान के बीच लियाम उन बच्चों में शामिल हो गया, जिन्हें ICE की कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
इस घटना पर डेमोक्रेट नेता और पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने नाराजगी जताते हुए इसे अमानवीय बताया और आरोप लगाया कि बच्चे का इस्तेमाल पिता तक पहुंचने के लिए किया गया। वहीं, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि बच्चे को सुरक्षा के लिहाज से डिटेंशन सेंटर ले जाया गया। डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी और स्कूल प्रशासन के बयानों में भी विरोधाभास सामने आया है। इस पूरे मामले ने अमेरिका में कानून और मानवीय संवेदनाओं के बीच संतुलन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









