Jammu & Kashmir

जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट: सांबा सीमा पर फिर दिखे पाकिस्तानी ड्रोन, किश्तवाड़ में आतंकियों से मुठभेड़

गणतंत्र दिवस से पहले जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं। एक तरफ किश्तवाड़ जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चल रही है, तो दूसरी तरफ सांबा सेक्टर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक बार फिर संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए हैं। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे सांबा जिले के रामगढ़ सेक्टर में ड्रोन गतिविधि नजर आई। बताया जा रहा है कि ड्रोन कुछ मिनटों तक भारतीय क्षेत्र में मंडराता रहा, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

इससे पहले शनिवार शाम को भी रामगढ़ सेक्टर के कंद्राल गांव के ऊपर ड्रोन जैसी वस्तु देखी गई थी। अधिकारियों के मुताबिक, ड्रोन के जरिए हथियार या नशीले पदार्थ गिराए जाने की आशंका को देखते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया गया, हालांकि फिलहाल कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ है। गौरतलब है कि 9 जनवरी को सांबा के घगवाल क्षेत्र में एक पाकिस्तानी ड्रोन द्वारा गिराए गए हथियार बरामद किए गए थे, जिनमें पिस्टल, मैगज़ीन, कारतूस और ग्रेनेड शामिल थे।

इधर, किश्तवाड़ जिले के चत्रू इलाके के सिंहपोरा जंगलों में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। सर्च ऑपरेशन के दौरान आतंकियों ने फायरिंग की, जिसके बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। सूत्रों के अनुसार, जंगलों में 2 से 3 आतंकियों के छिपे होने की आशंका है, जिनका संबंध जैश-ए-मोहम्मद से बताया जा रहा है।