भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में आने वाले समय में कई नई एसयूवी लॉन्च होने वाली हैं। जहां एक ओर 4 मीटर से कम लंबाई वाली कॉम्पैक्ट एसयूवी की संख्या बढ़ेगी, वहीं दूसरी ओर सात सीटों वाली बड़ी एसयूवी भी ग्राहकों को आकर्षित करेंगी। इनमें पेट्रोल, डीजल और कुछ इलेक्ट्रिक विकल्प शामिल होंगे। खास तौर पर 7-सीटर सेगमेंट में इस साल कई अहम लॉन्च देखने को मिल सकते हैं।
फॉक्सवैगन टायरोन आर-लाइन को ब्रांड की फ्लैगशिप 3-रो एसयूवी के तौर पर लाया जाएगा, जिसे टिगुआन आर-लाइन से ऊपर रखा जाएगा। इसमें 2.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन, ऑल-व्हील ड्राइव और प्रीमियम आर-लाइन स्टाइलिंग मिलने की उम्मीद है। एमजी मैजेस्टर, जिसे भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 में पेश किया गया था, 12 फरवरी को लॉन्च हो सकती है। यह ग्लॉस्टर की जगह लेगी और दमदार डीजल इंजन व ऑफ-रोड क्षमताओं के साथ आएगी।
निसान भी अपने CMF-B प्लेटफॉर्म पर आधारित नई 7-सीटर एसयूवी लाने की तैयारी में है, जिसे साल के अंत तक लॉन्च किया जा सकता है। वहीं महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन का फेसलिफ्ट वर्जन भी टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जिसमें मौजूदा इंजन विकल्प बरकरार रहेंगे। इसके अलावा रेनॉल्ट नई डस्टर के बाद उसका 7-सीटर वर्जन ‘बोरियल’ लॉन्च कर सकती है, जिसमें एडवांस फीचर्स और आधुनिक तकनीक देखने को मिलेगी।









