टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की चिंताओं के बीच आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि भारत में टूर्नामेंट पूरी तरह सुरक्षित है और कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा। आईसीसी ने कहा कि सभी मैचों का शेड्यूल अंतिम रूप ले चुका है और सभी टीमों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपनी जिम्मेदारियों का पालन करें। आईसीसी ने मीडिया रिपोर्ट्स में सुरक्षा और वैकल्पिक योजनाओं को गलत तरीके से पेश किए जाने की आलोचना करते हुए बताया कि भारत में सुरक्षा जोखिम का स्तर ‘लो से मॉडरेट’ है, जो किसी बड़े खेल आयोजन के लिए सामान्य माना जाता है।
बांग्लादेश ने भारत दौरे पर असहजता जताई और अपने मैचों को श्रीलंका में कराने का अनुरोध किया था। यह विवाद तब शुरू हुआ जब तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स से रिलीज किया गया। आईसीसी ने कहा कि सुरक्षा योजना केंद्र और राज्य स्तर की एजेंसियों के सहयोग से तैयार की जा रही है। परिषद ने भरोसा दिलाया कि बांग्लादेश समेत सभी टीमों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित किया जाएगा।









