लंबी दूरी की यात्रा में टिकट कन्फर्म होने की चिंता अब खत्म होने वाली है। रेलवे ने भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन तैयार की है, जो पूरी तरह एसी और रात की यात्रा के लिए डिजाइन की गई है। इस ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत है कि इसमें कोई RAC या वेटिंग लिस्ट नहीं होगी, सिर्फ कन्फर्म टिकट ही मिलेगा। VIP कोटा नहीं होगा और सभी यात्री समान नियमों के तहत यात्रा करेंगे।
रेलवे ने सभी सीटें बुकिंग के पहले दिन ही खोल दी हैं और डिजिटल भुगतान को प्राथमिकता दी गई है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को लोअर बर्थ मिलने का प्रावधान है। किराया दूरी आधारित है, न्यूनतम 400 किलोमीटर का शुल्क लागू होगा। 3AC, 2AC और 1AC की बर्थ क्रमशः 2.4, 3.1 और 3.8 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से तय की गई हैं।
ट्रेन में आरामदायक बर्थ, स्वचालित दरवाजे, कम शोर, सुरक्षा के लिए कवच प्रणाली, सीसीटीवी, सफाई और बेहतर बेडरोल की सुविधा होगी। यात्रियों को लोकल खाना और एक जैसी यूनिफॉर्म में स्टाफ मिलेगा। पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन हावड़ा से गुवाहाटी रूट पर जल्द ही शुरू होगी, और बाद में अन्य रूट्स पर भी चलना शुरू करेगी।









