National

मोदी सरकार की नई राहवीर योजना: घायल को इलाज, नेक नागरिक को पुरस्कार

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सड़क सुरक्षा बढ़ाने और दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सरकार की नई योजनाओं का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस मेडिकल ट्रीटमेंट योजना शुरू की जाएगी। इस योजना के तहत, दुर्घटना में घायल व्यक्ति को कम से कम सात दिनों तक 1.5 लाख रुपये तक का इलाज बिना किसी भुगतान के मिलेगा।

इसके साथ ही, उन लोगों को भी सम्मान मिलेगा जो दुर्घटना के तुरंत बाद पीड़ित की मदद करते हैं। ऐसे नेक नागरिकों को ‘राहवीर’ कहा जाएगा और उन्हें 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। पायलट प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में सफलतापूर्वक पूरा किया गया है।

सड़क सुरक्षा सुधार के लिए सरकार वाहन-से-वाहन (V2V) संचार तकनीक भी लागू करने जा रही है। इस तकनीक से वाहन आपस में वास्तविक समय में जानकारी साझा करेंगे, जिससे चालक को आसपास के वाहनों की गति, स्थिति और ब्रेक लगाने जैसी जानकारियां मिलेंगी। इसका उद्देश्य दुर्घटनाओं की संभावना कम करना और ड्राइवर को समय रहते कदम उठाने में मदद करना है।

गडकरी ने यह भी कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकने के लिए सड़क इंजीनियरिंग, यातायात नियमों के कड़े पालन और दंड में वृद्धि पर जोर दिया जा रहा है। देश में हर साल लगभग 5 लाख दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें करीब 1.8 लाख लोग अपनी जान गंवा देते हैं, जिनमें अधिकांश 18 से 34 वर्ष आयु वर्ग के हैं।

सरकार मोटर वाहन अधिनियम में संशोधन के जरिए सड़क सुरक्षा सुधार, नागरिक सेवाओं में सरलता और वैश्विक मानकों के अनुरूप कानून लाने की तैयारी कर रही है। इसके अलावा डिजिटल परमिट, उन्नत ड्राइवर सहायता प्रणाली और बसों के लिए बेहतर सुरक्षा मानकों पर भी काम चल रहा है।