भारत की सबसे बड़ी महिला टी20 लीग (WPL 2026) का आयोजन 9 जनवरी से 5 फरवरी तक नवी मुंबई और बड़ौदा में किया जाएगा, जहां चार हफ्तों में कुल 22 हाई-वोल्टेज मुकाबले खेले जाएंगे। इस बार का सीजन पिछले तीन संस्करणों से अलग होगा क्योंकि भारतीय टीम की हालिया सफलता ने दर्शकों का उत्साह और खिलाड़ियों की लोकप्रियता नए स्तर तक पहुंचा दी है। हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा और शेफाली वर्मा अब सिर्फ खिलाड़ी नहीं, बल्कि राष्ट्रीय आइकॉन बन चुकी हैं।
WPL 2026 न केवल प्रतिस्पर्धा का मंच है, बल्कि 2026 में इंग्लैंड में होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए तैयारियों का मैदान भी बनेगी। इस लीग में खिलाड़ियों का प्रदर्शन, उनकी स्किल्स और रणनीतियाँ सीधे विश्व कप के टीम चयन पर असर डालेंगी। पिछले सीजन में नई प्रतिभाओं जैसे क्रांति गौड़, काश्वी गौतम और श्री चरणी ने उभर कर सामने आए थे, और इस बार भी नए सितारों के उभरने की पूरी उम्मीद है। दोपहर वाले मैच भारतीय समयानुसार साढ़े तीन बजे (3:30 PM IST) और रात वाले मैच साढ़े सात बजे (7:30 PM IST) शुरू होंगे, जबकि टॉस मैच शुरू होने से आधे घंटे पहले होगा।









