नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस (SMVDIME) की मान्यता रद्द कर दी है। कॉलेज ने न्यूनतम शैक्षणिक और क्लिनिकल मानकों का पालन नहीं किया। MARB ने आदेश दिया कि 2025-26 में दाखिला लेने वाले छात्र केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन की ओर से जम्मू-कश्मीर के अन्य मेडिकल कॉलेजों में सुपरन्यूमेरी सीटों पर एडजस्ट किए जाएंगे।
जांच में पाया गया कि फैकल्टी की संख्या 39% कम, ट्यूटर/रेजिडेंट 65% कम और OPD व ICU में मरीजों की संख्या भी मानकों से कम थी। लाइब्रेरी, लैब और लेक्चर थिएटर भी अपर्याप्त थे। कॉलेज के मुस्लिम छात्रों के दाखिले को लेकर हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति ने कॉलेज को बंद करने की मांग की, यह कहते हुए कि मंदिरों के दान का इस्तेमाल व्यावसायिक संस्थानों में नहीं होना चाहिए। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि मेहनत से पास हुए छात्रों को सुरक्षित और उपयुक्त अन्य कॉलेजों में एडजस्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने आग्रह किया कि SMVDIME को बंद किया जाए और छात्रों को बेहतर सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भेजा जाए।









