World

हादी हत्याकांड: मुख्य आरोपी फैसल मसूद ने वीडियो जारी कर आरोपों से किया इनकार

बांग्लादेश में इंकलाब मंच के छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के मामले में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। इस मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे फैसल करीम मसूद ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर खुद पर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है। मसूद ने बांग्लादेश पुलिस के उस दावे को भी गलत बताया, जिसमें कहा गया था कि वह भारत भाग गया है। मसूद का कहना है कि वह इस समय दुबई में है और उसके पास वहां का वैध मल्टीपल एंट्री वीजा है।

वायरल वीडियो में मसूद ने दावा किया कि हादी की हत्या के पीछे जमात से जुड़े लोगों का हाथ है। उसने कहा कि हादी खुद जमात से जुड़ा था और उसी संगठन के लोगों ने उसकी हत्या कराई है। मसूद ने यह भी बताया कि उसका हादी से कोई आपराधिक संबंध नहीं था। वह एक व्यवसायी है और एक आईटी कंपनी चलाता है। नौकरी के सिलसिले में वह हादी के कार्यालय गया था और उसने हादी को अग्रिम राशि भी दी थी।

मसूद ने यह भी स्पष्ट किया कि हत्या में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल पर न तो वह और न ही उसका भाई मौजूद था। उधर, बांग्लादेश पुलिस और स्थानीय मीडिया के भारत भागने के दावों को भारत सरकार पहले ही खारिज कर चुकी है। हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में हिंसा भड़क उठी, जिससे हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।