Delhi

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पार्किंग नियम बदले, निजी वाहन चालकों को मिली राहत

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर चल रहे रीडेवलपमेंट कार्य के चलते पहाड़गंज साइड की पार्किंग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। अब यात्रियों और वाहन चालकों के लिए पार्किंग की सुविधा केवल अजमेरी गेट साइड पर उपलब्ध रहेगी, जहां पार्किंग क्षेत्र को पहले के मुकाबले विस्तारित किया गया है और शुल्क ढांचे में भी बदलाव किया गया है।

नए नियमों के अनुसार, निजी वाहनों को आठ मिनट तक मुफ्त ड्रॉप-ऑफ की सुविधा मिलती रहेगी। हालांकि, कैब चालकों को अब ड्रॉप-ऑफ के लिए 30 रुपये का शुल्क देना होगा। इसके अलावा, सभी प्रकार के वाहनों के लिए 9 से 15 मिनट तक रुकने पर 50 रुपये शुल्क तय किया गया है।

पार्किंग शुल्क में राहत देते हुए 16 से 30 मिनट तक की फीस को 200 रुपये से घटाकर 150 रुपये कर दिया गया है। वहीं, 30 मिनट से अधिक समय तक पार्किंग करने पर अब 200 रुपये देने होंगे, जो पहले 500 रुपये तक थे। पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ लेन में एक घंटे से ज्यादा समय तक वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी। तय समय से अधिक रुकने वाले वाहनों को टो किया जाएगा और 300 रुपये का अतिरिक्त जुर्माना भी वसूला जाएगा।

नॉर्दर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, यात्रियों की सुविधा और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 26 दिसंबर से ड्रॉप-ऑफ लेन की पार्किंग फीस में यह संशोधन किया गया है।

पहले अजमेरी गेट साइड पर केवल एक प्रीमियम पार्किंग क्षेत्र था, लेकिन अब दो प्रीमियम पार्किंग जोन तैयार किए गए हैं, जिनमें करीब 300 वाहनों की पार्किंग की क्षमता है। ट्रैफिक जाम की स्थिति से बचने के लिए ऑटो रिक्शा को पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ लेन में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई है।