उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लिए आज गर्व का दिन है। खोड़ा निवासी दीपांकर यादव ने अपनी जबरदस्त ताकत और मेहनत के दम पर नया इतिहास रच दिया है। दीपांकर ने महज 1 मिनट में 490 पंच लगाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया है। इस उपलब्धि के साथ वह पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं। रिकॉर्ड दर्ज होने की पुष्टि मिलते ही दीपांकर को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट भी प्राप्त हो गया। इससे पहले यह रिकॉर्ड यूके के किक बॉक्सर जोशुआ लैअला के नाम था, जिन्होंने 1 मिनट में 452 पंच लगाए थे। दीपांकर ने इस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
दीपांकर के पिता अमिचंद ने बताया कि यह सफलता लंबी मेहनत, कठोर अभ्यास, आत्मविश्वास और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दीपांकर ने पहले भी गिनीज रिकॉर्ड बनाने की कोशिश की थी, लेकिन असफल रहे। हालांकि दूसरी कोशिश में उन्होंने अपने लक्ष्य को हासिल कर लिया। खास बात यह है कि दीपांकर खेल के साथ-साथ पढ़ाई में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। पिता का कहना है कि दीपांकर आगे भी पढ़ाई और खेल दोनों में कड़ी मेहनत कर देश का नाम रोशन करते रहेंगे।
दीपांकर यादव की यह उपलब्धि न सिर्फ गाजियाबाद बल्कि पूरे भारत के युवाओं के लिए एक नई प्रेरणा और पहचान बनकर सामने आई है।









