बांग्लादेश में छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद से हिंसा और आगजनी की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। इस हिंसा के बीच कई भारतीय मेडिकल छात्र फंसे हुए हैं और उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ऑल इंडिया मेडिकल स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AIMSA) ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। AIMSA के उपाध्यक्ष डॉ. मोहम्मद मोमिन खान ने पत्र में कहा कि बांग्लादेश में रह रहे भारतीय छात्रों की स्थिति बेहद असुरक्षित है और तत्काल प्रभावी हस्तक्षेप की जरूरत है।
संगठन ने कहा कि छात्रों और उनके परिजनों का भरोसा बनाए रखने के लिए कूटनीतिक पहल और ठोस सुरक्षात्मक कदम उठाना जरूरी है। AIMSA ने कहा कि बांग्लादेश में छात्रों का लगातार डर और असुरक्षा का माहौल है, जिससे न सिर्फ छात्र बल्कि उनके परिवार भी मानसिक तनाव में हैं। संगठन ने भारत सरकार से आग्रह किया है कि इस संकट में छात्रों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए और उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए।









