महाराष्ट्र के नागपुर में नागपुर के बुटीबोरी एमआईडीसी स्थित अवाडा कंपनी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। कंपनी में सोलर पैनल बनाने का काम चल रहा था, इसी दौरान पानी की टंकी का टावर गिर गया जिससे तीन मजदूरों की मौत हो गई और कई मजदूर दब गए। जानकारी के अनुसार, इस घटना में 11 मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनका इलाज एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया है। स्थानीय प्रशासन और कंपनी के अधिकारियों ने भी मौके का दौरा किया और घायल मजदूरों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि टंकी निर्माण में किसी तरह की तकनीकी खामी या लापरवाही तो नहीं हुई थी। यह हादसा निर्माण क्षेत्र में सुरक्षा नियमों की अनदेखी और निर्माण कार्य की संवेदनशीलता को उजागर करता है।









