कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिम्बाचिया के घर एक बार फिर खुशखबरी आई है। बताया जा रहा है कि भारती ने अपने दूसरे बच्चे को जन्म दिया है और इस बार भी कपल के घर बेटे का आगमन हुआ है। खबरों के मुताबिक 19 दिसंबर की सुबह भारती ने बेबी बॉय को जन्म दिया, मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। हालांकि, अभी तक इस खुशी को लेकर कपल की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इस खबर के सामने आते ही फैंस और इंडस्ट्री के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। भारती और हर्ष पहले से ही टीवी के सबसे पसंदीदा कपल्स में गिने जाते हैं। साल 2022 में दोनों पहली बार माता-पिता बने थे, जब उनके बेटे का जन्म हुआ था, जिसे प्यार से सभी “गोला” कहते हैं। अब गोला को छोटा भाई मिलने की खबर से फैंस भी बेहद उत्साहित हैं। कुछ समय पहले ही भारती और हर्ष ने बेहद खास अंदाज में दूसरी प्रेग्नेंसी की जानकारी साझा की थी, जिसके बाद से उनके चाहने वाले इस दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह खुशखबरी आज सुबह परिवार के लिए आई और घर में जश्न का माहौल है।
भारती सिंह को उनके प्रोफेशनल कमिटमेंट्स के लिए भी खूब सराहा जाता है। पहली प्रेग्नेंसी की तरह दूसरी बार भी वह डिलीवरी से पहले तक काम करती नजर आईं। हाल ही में ‘लाफ्टर शेफ’ के तीसरे सीजन के सेट पर उनके लिए एक खास बेबी शावर सरप्राइज भी प्लान किया गया था, जिसने सभी का दिल जीत लिया। भारती और हर्ष का बेटा गोला पहले से ही सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर है और अब उसके छोटे भाई के आने से यह खुशहाल परिवार और भी पूरा हो गया है। फैंस को अब कपल की ओर से आधिकारिक अनाउंसमेंट और पहली झलक का इंतजार है।









