प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय ओमान यात्रा पर मस्कट में भारतीय समुदाय से मिले। उन्होंने कहा कि यहां उन्हें “मिनी इंडिया” दिखाई दे रहा है। पीएम मोदी ने समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की विविधता ही हमारी संस्कृति की ताकत है। हर परंपरा, हर त्योहार और हर विचार नए उत्साह और ऊर्जा से भरा होता है। पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय युवा जोश और ऊर्जा से माहौल चार्ज हो गया है। उन्होंने मस्कट में विभिन्न भाषाओं और प्रदेशों के लोगों की उपस्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि मलियाली, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और गुजराती बोलने वाले सभी लोग यहां मौजूद हैं।
पीएम ने यह भी बताया कि भारतीय समुदाय जहां भी रहते हैं, वहां की संस्कृति और नियमों के साथ घुलमिल कर रहते हैं। उन्होंने यूनेस्को द्वारा दिवाली को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत में शामिल किए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि अब यह त्यौहार केवल घरों को ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को रोशन करेगा। साथ ही, पीएम मोदी ने भारत-ओमान मैत्री पर्व का भी उल्लेख किया और इसे दोनों देशों के ऐतिहासिक रिश्तों, सहयोग और उज्जवल भविष्य का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि मैत्री पर्व विश्वास, नवाचार और समावेशी विकास का संदेश देता है।









