अरुणाचल प्रदेश के अंजाव जिले में 8 दिसंबर को एक भयंकर सड़क हादसा हुआ, जिसमें 17 लोगों की मौत की आशंका है। यह दुर्घटना हैयूलियांग-चगलागाम इंडो-चीन बॉर्डर रोड पर हुई, जब 21 मजदूरों से भरा एक ट्रक संतुलन खोकर गहरी खाई में जा गिरा। मजदूर सड़क पर बॉर्डर रोड के निर्माण के काम के लिए जा रहे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन टीम और सेना मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय ग्रामीण भी सबसे पहले राहत में जुटे। खाई बहुत गहरी होने और इलाके की कठिन भौगोलिक स्थिति के कारण बचाव कार्य कठिन रहा। ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और मजदूर खाई में अलग-अलग हिस्सों में मिले।
अंजाव के डिप्टी कमिश्नर मिलो कोजिन ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि यह हादसा तेज ढलान वाले खतरनाक पहाड़ी मोड़ पर हुआ। इस मार्ग पर अक्सर खराब मौसम, भूस्खलन और संकरी सड़क के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। प्रशासन ने बचाव कार्य जारी रखा है और घायलों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की जा रही है।









