देशभर में इंडिगो एयरलाइन क्रू मेम्बर की भारी कमी से जूझ रही है, जिसके कारण यात्रियों की परेशानियां कई गुना बढ़ गई हैं। मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता एयरपोर्ट पर सैकड़ों यात्री घंटों फंसे रहे और कई जगह नाराज़गी के चलते हंगामा भी हुआ। पिछले चार दिनों में 1300 से अधिक उड़ानें रद्द या देर से चलीं। स्थिति बिगड़ने पर सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने हस्तक्षेप करते हुए कई तात्कालिक कदम उठाए और आश्वस्त किया कि शुक्रवार रात तक हालात सामान्य होने लगेंगे।
मंत्रालय ने एयरलाइंस, विशेषकर इंडिगो, को निर्देश दिया है कि फ्लाइट शेड्यूल को तुरंत स्थिर किया जाए। अगले कुछ दिनों में सेवाएं पूरी तरह पटरी पर लौटने की उम्मीद है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करें। रद्द उड़ानों का पूरा रिफंड स्वतः दिया जाएगा। फंसे यात्रियों के लिए होटल की व्यवस्था, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सहायता और देरी से प्रभावित यात्रियों के लिए रिफ्रेशमेंट का प्रावधान किया गया है।
इधर इंडिगो ने भी क्षमा मांगते हुए कहा कि कॉल सेंटर की क्षमता बढ़ाई गई है और यात्री 6E स्काई AI के जरिए रिफंड व रीबुकिंग कर सकेंगे। वहीं, DGCA ने स्थिति सुधारने के लिए अपना पूर्व आदेश वापस ले लिया, जिसके कारण क्रू की कमी तेज हो गई थी। इससे उड़ानों में तेजी से सुधार की उम्मीद है।


