World

खैबर पख्तूनख्वा में बड़ा आतंकवाद-रोधी अभियान, सुरक्षा बलों ने 22 TTP आतंकियों को ढेर किया

पाकिस्तान के अस्थिर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा बलों ने एक बड़े आतंकवाद-रोधी अभियान में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के कम से कम 22 आतंकवादियों को मार गिराया। सेना की मीडिया इकाई ISPR के अनुसार, यह कार्रवाई डेरा इस्माइल खान ज़िले में एक खुफिया इनपुट मिलने पर की गई, जिसमें बताया गया था कि क्षेत्र में “फितना अल-खवारिज” के सदस्य छिपे हुए हैं—पाकिस्तान में टीटीपी के आतंकियों के लिए यही शब्द इस्तेमाल किया जाता है।

सुरक्षा बलों ने आतंकियों के ठिकाने को सटीक निशाना बनाते हुए भीषण मुठभेड़ में 22 आतंकियों को ढेर कर दिया। ISPR ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी अन्य छिपे आतंकवादी को समाप्त करने के लिए सैनिटाइजेशन ऑपरेशन जारी है। पिछले कुछ वर्षों में अफगानिस्तान सीमा से लगे KP में आतंकवादी गतिविधियों में तेज बढ़ोतरी हुई है। टीटीपी और अन्य चरमपंथी समूह अक्सर सैन्य काफिलों, चेक-पोस्टों और कानून-व्यवस्था संभालने वाले अधिकारियों को निशाना बनाते हैं। हाल ही में हंगू जिले में एक चेकपॉइंट पर हमले में तीन पुलिसकर्मी मारे गए।

पाकिस्तान ने लगातार अफगानिस्तान की तालिबान सरकार पर आरोप लगाया है कि वह टीटीपी को अपनी ज़मीन का इस्तेमाल करने देती है, हालांकि काबुल और भारत दोनों इन आरोपों से इनकार करते हैं। पिछले महीने बढ़ती हिंसा के बीच दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण झड़पें हुई थीं, जिसके बाद दोहा में अस्थायी सीजफायर हुआ, लेकिन हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।