गूगल अपने Gmail ऐप में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। नए अपडेट के बाद एंड्रॉयड यूजर्स को ईमेल नोटिफिकेशन में सीधे अटैचमेंट का छोटा प्रीव्यू देखने को मिलेगा। इससे यूजर्स को ईमेल की सामग्री समझने में आसानी होगी। पहले नोटिफिकेशन में केवल ईमेल का टेक्स्ट ही दिखाई देता था, लेकिन अब फोटो, पीडीएफ या अन्य डॉक्यूमेंट का प्रीव्यू भी नोटिफिकेशन में ही मिलेगा।
नए सिस्टम में, अटैचमेंट वाले ईमेल नोटिफिकेशन में सिर्फ भेजने वाले का नाम और विषय ही नहीं बल्कि अटैचमेंट का छोटा आइकन भी दिखाई देगा। यह प्रीव्यू नोटिफिकेशन के दाईं ओर दिखाई देगा, जैसे WhatsApp या अन्य मैसेजिंग ऐप्स में होता है।
हालांकि, इस बदलाव के साथ एक कमी भी जुड़ी है। अब अटैचमेंट वाले ईमेल में नोटिफिकेशन पर ईमेल की शुरुआत का टेक्स्ट नहीं दिखाई देगा। इसका मतलब है कि पूरा ईमेल पढ़ने के लिए ऐप खोलना जरूरी होगा। गूगल इस अपडेट को धीरे-धीरे रोलआउट कर रहा है। फिलहाल यह फीचर केवल कुछ चुनिंदा यूजर्स के लिए उपलब्ध है, लेकिन आने वाले दिनों या हफ्तों में सभी के लिए जारी किया जा सकता है।









