National

साउथ अफ्रीका रवाना हुए PM मोदी , G20 शिखर सम्मेलन में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज साउथ अफ्रीका के लिए रवाना हुए हैं, जहां वे जोहान्सबर्ग में आयोजित 20वें G20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह यात्रा तीन दिनों की है और प्रधानमंत्री 21 से 23 नवंबर तक साउथ अफ्रीका में रहेंगे। विदेश मंत्रालय की जानकारी के अनुसार, मोदी शिखर सम्मेलन के तीन मुख्य सत्रों में हिस्सा लेंगे और विभिन्न देशों के नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकातें भी करेंगे। इसके अलावा, वे इंडिया-ब्राजील-साउथ अफ्रीका (IBSA) देशों की बैठक में भी भाग लेंगे।

यह पीएम मोदी की दक्षिण अफ्रीका की चौथी आधिकारिक यात्रा है। इससे पहले वे 2016 में द्विपक्षीय दौरे पर, और 2018 तथा 2023 में ब्रिक्स शिखर सम्मेलनों के लिए वहां गए थे।
इस बार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प G20 में शामिल नहीं हो रहे हैं। उन्होंने अपने स्थान पर कार्यवाहक राजदूत मार्क डी. डिलार्ड को प्रतिनिधित्व करने के लिए भेजा है।

रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह शिखर सम्मेलन अफ्रीका में आयोजित होने वाला पहला G20 सम्मेलन होगा। उन्होंने बताया कि अफ्रीकी संघ 2023 में भारत की G20 अध्यक्षता के दौरान इस मंच का सदस्य बन चुका है। मोदी ने कहा कि यह सम्मेलन वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा का अवसर होगा और इस वर्ष का विषय ‘एकजुटता, समानता और स्थिरता’ है।

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि वे इस शिखर सम्मेलन में भारत की ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की सोच को प्रमुखता देंगे और IBSA समिट में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे साउथ अफ्रीका में रह रहे भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे।