गुरु पर्व के मौके पर पाकिस्तान गए पंजाब की सरबजीत कौर का नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वह खुद को ‘नूर’ बताते हुए इस्लाम अपनाने और पाकिस्तानी नागरिक नासिर हुसैन से शादी करने का दावा कर रही हैं। वीडियो में सरबजीत कौर कहती हैं कि वह नासिर को पिछले नौ साल से जानती हैं और अपनी मर्जी से उनसे निकाह कर रही हैं। इसके बाद यह स्पष्ट हो गया कि उन्होंने पाकिस्तान में धर्म परिवर्तन कर शादी कर ली है।
52 वर्षीय सरबजीत पहले तलाकशुदा हैं और उनके दो बेटे हैं। उनका निकाहनामा भी वायरल हुआ, जिसमें उनका नया नाम ‘नूर’ दर्ज है। इस घटना के बाद भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि इसे प्रशासनिक चूक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों के रूप में देखा जा रहा है।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने दूरी बनाते हुए कहा कि यात्रियों की पृष्ठभूमि जांच केंद्र और सुरक्षा एजेंसियों की जिम्मेदारी थी। SGPC सचिव प्रताप सिंह ने कहा कि सरकारी सूची में सरबजीत का नाम शामिल नहीं था और यदि उनके संपर्क या इरादे संदिग्ध होते तो सीमा पार करने से पहले रोकथाम की जा सकती थी। उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए यात्रियों की स्क्रीनिंग और सख्त करनी होगी।









