बॉलीवुड के चर्चित कपल राजकुमार राव और पत्रलेखा ने अपने घर खुशियों की नई इबारत लिखी है। 41 साल के अभिनेता राजकुमार राव और उनकी पत्नी पत्रलेखा ने अपनी पहली बेटी का स्वागत किया है। यह खुशखबरी कपल ने अपनी शादी की चौथी सालगिरह पर इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए फैन्स के साथ साझा की।
कपल ने कोलैब पोस्ट में लिखा, “हम चांद पर हैं। भगवान ने हमें हमारी चौथी एनिवर्सरी पर सबसे बड़ा आशीर्वाद दिया है।” इस पोस्ट में दोनों माता-पिता की खुशी साफ झलक रही है। फैन्स और बॉलीवुड सेलेब्स ने पोस्ट पर ढेर सारी बधाईयां दी हैं। कमेंट सेक्शन हार्ट इमोजी और प्यार भरे संदेशों से भर गया। सिंगर नीति मोहन ने लिखा, “बहुत-बहुत बधाई, पत्रलेखा और राजकुमार, और आपकी नन्ही एंजेल को देखने का बेसब्री से इंतजार है।” वहीं वरुण धवन ने भी फैन्स को टैग करते हुए कहा कि “क्लब में आपका स्वागत है।”
राजकुमार और पत्रलेखा की लव स्टोरी की बात करें तो दोनों पहली बार एक विज्ञापन शूट के दौरान मिले थे और फिर हंसल मेहता की फिल्म ‘सिटीलाइट्स’ के सेट पर दोनों के बीच दोस्ती और प्यार ने जन्म लिया। अक्टूबर 2021 में राजकुमार ने पत्रलेखा को प्रपोज किया और नवंबर 2021 में करीबी दोस्तों और परिवार की मौजूदगी में शादी के बंधन में बंध गए।
राजकुमार राव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में फैन्स को बताया कि यह उनके लिए सबसे खास तोहफा है। इसके साथ ही उन्होंने फैन्स को अपनी खुशी में शामिल करते हुए लिखा कि बेटी का आगमन उनके जीवन में अपार खुशियाँ लेकर आया है। वर्कफ्रंट की बात करें तो राजकुमार राव जल्द ही नेटफ्लिक्स की आगामी फिल्म ‘Toaster’ में नजर आएंगे। फैन्स और बॉलीवुड जगत के लोगों की तरफ से राजकुमार राव और पत्रलेखा को नन्ही परी के स्वागत के लिए ढेर सारी बधाई।


