देशभर के केंद्रीय विद्यालय और नवोदय विद्यालय अब टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ की भर्ती के लिए तैयार हैं। सीबीएसई ने एक शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी कर इसकी जानकारी दी है। आवेदन प्रक्रिया कल, 14 नवंबर 2025 से शुरू होगी और अंतिम तिथि 4 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है। इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइटों cbse.gov.in, kvssangathan.nic.in और navodaya.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
इस भर्ती के तहत कुल लगभग 10,000 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें 7,444 टीचिंग पोस्ट और 1,712 नॉन-टीचिंग पोस्ट शामिल हैं। विस्तृत नोटिफिकेशन कल जारी किया जाएगा, जिसमें पदों और पात्रता की पूरी जानकारी मिलेगी।
आवेदन प्रक्रिया सरल है। उम्मीदवार सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर भर्ती लिंक पर क्लिक करेंगे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरकर लॉगिन बनाएंगे और शेष विवरण भरेंगे। अंत में निर्धारित फीस जमा कर फॉर्म सबमिट करना होगा और प्रिंटआउट सुरक्षित रखना होगा।
भर्ती के तहत टीजीटी, पीजीटी, पीआरटी, कनिष्ठ सचिवालय सहायक, वरिष्ठ सचिवालय सहायक, सहायक अनुभाग अधिकारी, प्रिंसिपल और अन्य पदों पर नियुक्तियां हो सकती हैं। पदों की सटीक संख्या और विवरण के लिए उम्मीदवारों को नोटिफिकेशन का इंतजार करना होगा।
यह भर्ती केंद्र और नवोदय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रशासनिक कार्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही जल्दी आवेदन करें ताकि अंतिम समय पर किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।










