National

अक्टूबर में केरल में महंगाई सबसे ऊंची, देशभर में खुदरा मुद्रास्फीति 10 साल के न्यूनतम स्तर पर

अक्टूबर 2025 में देश में खुदरा महंगाई दर में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, केरल 8.56% की दर के साथ सबसे ज्यादा महंगाई वाला राज्य रहा, जबकि जम्मू-कश्मीर (2.85%), कर्नाटक (2.34%), पंजाब (1.81%) और तमिलनाडु (1.29%) महंगाई में सबसे नीचे रहे। मंत्रालय ने बताया कि यह गिरावट मुख्य रूप से सितंबर में लागू की गई जीएसटी दरों में कटौती और खाद्य वस्तुओं की कीमतों में कमी के कारण आई है।

सब्जियों, तेल-घी, फल, अंडे, अनाज और परिवहन सेवाओं के दामों में भारी गिरावट से अक्टूबर में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) और खाद्य मूल्य सूचकांक (CFPI) दोनों में कमी आई। सब्जियों की कीमतें सालाना आधार पर 27.57%, दालों में 16.15%, प्याज में 54.31% और टमाटर में 42.93% की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, सोना और चांदी के भाव क्रमशः 57.83% और 62.36% बढ़े।

ग्रामीण क्षेत्रों में महंगाई दर घटकर -0.25% और शहरी क्षेत्रों में 0.88% रही, जो सितंबर की तुलना में कम है। मंत्रालय के अनुसार, जनवरी 2015 में लागू नए आधार वर्ष (2012=100) के बाद से यह महंगाई का सबसे निचला स्तर है। लगातार चार महीने से मुद्रास्फीति रिजर्व बैंक के चार प्रतिशत लक्ष्य से नीचे बनी हुई है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाली मौद्रिक नीति समीक्षा में आरबीआई ब्याज दरों में कटौती कर सकता है।