Delhi National

दिल्ली: महिपालपुर में धमाके जैसी आवाज़ से मची हलचल, पुलिस ने बताई घटना की सच्चाई

दिल्ली के महिपालपुर इलाके में गुरुवार सुबह रैडिसन होटल के पास धमाके जैसी तेज आवाज़ सुनाई दी, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब 9 बजकर 18 मिनट पर फायर डिपार्टमेंट को कॉल मिली, जिसके बाद तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। शुरुआत में धमाके को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई गईं, लेकिन दिल्ली पुलिस की जांच में पता चला कि यह कोई विस्फोट नहीं था, बल्कि एक डीटीसी बस का पिछला टायर फटने से तेज आवाज आई थी।

डीसीपी साउथ वेस्ट के अनुसार, कॉल करने वाला व्यक्ति गुरुग्राम जा रहा था, जब उसने धमाके जैसी आवाज सुनी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान आसपास के गार्ड और राहगीरों से पूछताछ में पुष्टि हुई कि बस का टायर फटने से यह आवाज हुई थी। मौके से कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं मिली है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

हालांकि, हाल ही में लाल किले के पास हुए धमाके के बाद से दिल्ली हाई अलर्ट पर है, जिसके कारण लोगों में भय और सतर्कता बढ़ गई है। सुरक्षा एजेंसियां राजधानी के सभी संवेदनशील इलाकों में चौकसी बरते हुए वाहनों की सख्त जांच कर रही हैं। लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई थी और फरीदाबाद से जुड़े जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी मॉड्यूल का खुलासा हुआ था। इसी वजह से महिपालपुर की घटना ने कुछ देर के लिए लोगों की चिंता जरूर बढ़ा दी, हालांकि अब हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।